कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस अधीक्षक का बड़ा कदम।
फर्रुखाबाद । पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से रोडवेज बस स्टॉप लाल गेट पर नई पुलिस चौकी की स्थापना की जा रही है। इस चौकी का कार्य शुक्रवार से थाना कादरी गेट के थाना अध्यक्ष आमोद कुमार सिंह की देखरेख में शुरू हो गया है।एसपी के इस कदम को शहर में शांति और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बस स्टॉप जैसे व्यस्त स्थान पर चौकी का होना आवश्यक था।
डॉ. लोहिया अस्पताल में भी हो चुकी है चौकी की स्थापना
इससे पहले पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी एक पुलिस चौकी स्थापित की थी। अस्पताल में पुलिस चौकी स्थापित करने से वहां आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षा और निगरानी में सुधार हुआ है। थानाअध्यक्ष आमोद कुमार सिंह अपने थाना क्षेत्र में गुंडा माफिया के खिलाफ निरंतर अभियान चला रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली है।स्थानीय पुलिस प्रशासन ने बताया कि नई चौकी के जरिए क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।